दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ ही अपनी ऐतिहासिक इमारत और अपने स्वादिष्ट खाने के लिए प्रसिद्ध है। आए दिन दिल्ली में कोई ना कोई नया रेस्टोरेंट या कैफे खुलता है, लेकिन इस बार जो नया रेस्टोरेंट खुला है। उसके बारे में सुनकर आपका दिल खुश हो जायगा, क्योंकि यह ऐतिहासिक इमारत में बना पहला रेस्टोरेंट होगा।
इस जगह आप खाने के साथ ही दिल्ली की ऐतिहासिक जगह का मजा उठा सकेंगे।स्वतंत्रता दिवस के बाद से एक बार फिर से लाल किला जनता के लिए खुल गया है। इसके साथ ही 16 अगस्त से लाल किले में एक रेस्टोरेंट खुल गया है। परिसर में कैफे दिल्ली हाइट्स के नए आउटलेट के साथ लाल किला रेस्टोरेंट वाला देश का पहला राष्ट्रीय स्मारक बन गया है।
अब आप घूमने के साथ खाने का भी आनंद ले सकते हैं। कैफे दिल्ली हाइट्स के संस्थापक विक्रांत बत्रा ने बताया, कैफे के मेनू में बिरयानी, पास्ता और बर्गर और देशभर से स्ट्रीट फूड मिलेगी। यहां पर आपको बैठने की जगह बेशक कम मिलेगी, लेकिन दीवारें भारतीय संस्कृति के इतिहास के चित्रों और फ़्रेमों से भरपूर सजी मिलेंगी। इसकी दीवारों पर आपको इतिहास की जानकारी मिलेगी।
यह रेस्टोरेंट छत्ता बाजार के ग्राउंड फ्लोर में स्थित है। इसके खुलने का समय लालकिले के खुलने के समय के मुताबिक तय किया गया है। यह मंगलवार से रविवार तक सुबह 7 बजे से शाम 5 बजकर 30 मिनट तक खुला रहता है। सोमवार को बंद रहता है।
कैफे दिल्ली हाइट्स के संस्थापक विक्रांत बत्रा के मुताबिक, दिल्ली में दूसरी जगहों की तुलना में यहां खाने की कीमत काफी कम रहेगी। साथ ही रेस्टोरेंट में मिलने वाला खाना पूरी तरह से शाकाहारी रहेगा। यहां मिलने वाली किसी भी डिश का रेट 500 रुपयों से ज्यादा नहीं होगा। अन्य दुकानों की तुलना में मूल्य निर्धारण 30-40 प्रतिशत कम रखा गया है, क्योंकि लाल किले में सभी वर्गों के लोग आते हैं।
रेस्टोरेंट डालमिया समूह के बीच हुए समझौते का हिस्सा है। इसमें आपको कई प्रकार की डिशेज मिलेगी। यहां पर आईएसबीटी मखनी मैगी, दाल माखन वाला, मुंबई वड़ा पाव, बर्गर, सलाद, ऐपेटाइजर, पिज्जा, लसग्ने, राजस्थानी लाल मास और जम्मू स्पेशल राजमा चावल मिलेगा। मीठे में मोतीचूर लड्डू, चीज केक और चॉकलेट मड-केक को शामिल किया गया है।