ओडिशा के सोनपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी समारोह का खुशी का माहौल कब मातम में बदल गया, किसी को पता नहीं चला। दरअसल, विदाई के दौरान दुल्हन इतना रोई, कि उसे दिल का दौरा पड़ गया और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दरअसल सोनपुर के जुलुंडा गांव में रहने वाले मुरली साहू की बेटी गुप्तेश्वरी साहू उर्फ रोजी की शादी, बलांगीर जिले के टेटलगांव के रहने वाले बिसीकेसन के साथ हुई।
शादी के बाद जब दूल्हा, दुल्हन को विदा कराकर ले जा रहा था, उसी वक्त ये घटना हुई। विदाई के दौरान रोजी लगातार रो रही थी। काफी देर तक रोने के बाद अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। दुल्हन को बेहोश देख वहां मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई।

रिश्तेदारों ने उसके चेहरे पर पानी डाला, हाथ-पांवों की मालिश की लेकिन रोजी को होश नहीं आया। जब इससे कोई फर्क नहीं पड़ा तो घरवाले बिटिया को लेकर तत्काल पास के अस्पताल दौड़े। वहां डॉक्टर ने दुल्हन को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने लड़की का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिवारवालों को सौंप दिया। गांव की बिटिया रोजी की इस तरह मौत होने से ग्रामीण बेहद दुखी हैं। एक गांववाले ने बताया कि रोजी के पिता की कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी।

इसके बाद वह काफी परेशान रहा करती थी। रोजी के मामा ने कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से उसकी शादी करवाने का प्रयास किया। सबकुछ अच्छे तरीके से हो भी गया था पर विदाई के ऐन वक्त रोजी की जान चली गई।
ये घटना बेहद हैरान कर देने वाली है। शादी के बंधन में बढ़ने के बाद दुल्हन नहीं निभा पाई शादी और उसकी सारी खुशियां छीन गयी। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है इसी के साथ दूल्हे के घर में भी दुख का माहौल छाया हुआ है।