पेड़ पौधे हर किसी को लगाने चाहिए, ये हमारे जीवन का अहम हिस्सा होता है लेकिन यही जब जान का दुश्मन बन जाए तो क्या कहेंगे। जी हां एक ऐसा पेड़ जो बेहद खतरनाक पेड़ माना जाता है। ये पेड़ भारत और दक्षिण एशिया के अन्य भागों में पाया जाता है। उस पेड़ का नाम है सरबेरा ओडोलम। भारत में पश्चिमी घाट के दलदली क्षेत्रों में यह पाया जाता है।
माना जाता है कि हर हफ्ते इस पेड़ से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो जाती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक विश्व में अन्य जहरीले पौधों के मुकाबले सरबेरा ओडोलम अधिक जहरीला है।

सरबेरा ओडोलम के बीज में सरबेरीन नामक तत्व पाया जाता है जो विषैला होता है। इसकी कम मात्रा भी शरीर के अंदर चली जाए तो कुछ मिनटों में ही पेट और सिरदर्द, उल्टियां, अनियमित धड़कन और डायरिया जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। यह पेड़ इतना खतरनाक है कि कोबरा और जहरीले सांप भी इसके आगे फेल हैं।
आपको बता दे कि ये पौधा शरीर में एंजाइम्स और हृदय की कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है और कुछ घंटों के अंदर ही इंसान की मृत्यु हो जाती है। इसके फूल सफेद और तारे के आकार के होते हैं जिसकी लंबाई 5 से 7 सेंटीमीटर होती है और कली का रंग पीला होता है।

इसकी पत्तियां 12 से 30 सेंटीमीटर लंबी, अंडाकार, गहरी हरी और चमकदार होती है। इसका फल छोटा और हरा होता है जो आम जैसा लगता है। इसके फल को ओथालांगा के नाम से जाना जाता है। इसकी गुठली अंडाकार होती है।

इसका आम नाम पोंग-पोंग है और इसका पेड़ 30 फीट तक लंबा होता है। वहीं इस पेड़ को सूइसाइड ट्री के नाम से भी जाना जाता है। इसकी वजह यह है कि बड़ी संख्या में लोग इसको खाकर आत्महत्या करते हैं। धरती पर किसी अन्य पौधे की तुलना में इसके सेवन से आत्महत्या के मामले ज्यादा सामने आए हैं।